काउंसलिंग के दौरान लड़का-लड़की पक्ष में मारपीट, दो घायल
फरीदाबाद। दहेज के एक मामले में मायके व ससुराल दोनों पक्षों के बीच मंगलवार को एनआईटी महिला थाना में काउंसलिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लड़का पक्ष ने आरोप लगाया है कि लड़की पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में लड़का पक्ष के दो लोग घायल हो गए। दोनों को बीके सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस इसे मामूली विवाद बताकर पथराव की घटना से इन्कार कर रही है। वहीं लड़की के पिता का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ तेलंगाना में एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। उस मामले में तेलंगाना पुलिस महिला थाने से आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि बड़खल में रहने वाले जमील की दो पुत्री की शादी धौज क्षेत्र के कुरैशीपुर गांव के रहने वाले दो भाई इरफान व फुरकान के साथ करीब सात साल पहले शादी हुई थी। लड़का पक्ष के साकिर ने आरोप लगाया है कि लड़की पक्ष के लोग आपराधिक प्रवृति के हैं। उनके खिलाफ कई मामले भी दर्ज हैं। वह अपनी दोनों बेटियों को ससुराल में नहीं रहने दे रहे हैं। उनके कहने पर घर में रोज विवाद हो रहा था। चार फरवरी को दोनों बहनें पिता के घर चली गईं। उसे ले जाने उनका पति बड़खल पहुंचा तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। वहीं लड़का पक्ष पर महिला थाने में शिकायत कर दी। इस मामले में महिला थाने में मंगलवार को दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग की जा रही थी। बीच में ही लड़की पक्ष के लोगों ने फुरकान व उसके जीजा साकिर पर ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। दोनों को बीके सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। इधर तेलंगाना पुलिस लड़की के पिता जमील को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। काउंसलिंग के बीच मारपीट की शिकायत भी सेक्टर-21डी चौकी में की गई है। पुलिस तहरीर लेकर मामले की छानबीन कर रही है।