रोडवेज के बेडे़ में शामिल होंगी नौ सिटी बस

 


रोडवेज के बेडे़ में शामिल होंगी नौ सिटी बस


बल्लभगढ़। शहर के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा के लिए अब ज्यादा इंतजार नही करना पड़ेगा। मार्च के अंत तक रोडवेज के बेडे़ में 9 मिनी बसें शामिल हो जाएंगी। 35 सीट वाली इन बसों की खासियत यह है कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में भी ये आसानी से पहुंच सकती हैं। बसों के किस रूट पर चलाया जाए, इसके लिए लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे। इसके अलावा रोडवेज के अधिकारी अपने स्तर पर भी यह सुनिश्चित करेंगे कि बसों का ज्यादा से ज्यादा लाभ लोगों को मिले। मार्च के अंत तक विभाग को 9 सिटी बस मिल जाएंगी। इससे छोटी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को काफी फायदा मिलेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग से शहर में थोड़ी दूरी की यात्रा के लिए लोग ऑटो पर ही निर्भर हैं। क्षमता से अधिक सवारियां ले जाने के कारण ऑटो ज्यादा सुरक्षित नहीं हैं। यात्रियों की सुरक्षा व जरूरत को ध्यान में रखते हुए रोडवेज की इन नई बसों को शटल सर्विस की तरह चलाया जाएगा। 35 सीट वाली यह बसें साइज में छोटी होने के कारण जाम में कम फंसेंगी। बल्लभगढ़ डिपो के जीएम राजीव नागपाल ने बताया कि इन बसों को चलाने से पहले लोगों से रूट को लेकर सुझाव मांगे जाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। ज्यादा ध्यान शहर के अंदर के ट्रैफिक पर रहेगा। इससे शहर में ऑटो के कारण लगने वाले जाम की समस्या में भी कमी आएगी।